वाराणसी
जातिसूचक टिप्पणियों और समाज में द्वेष फैलाने वाले बयानों के विरोध में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
सुभासपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि हाल के दिनों में कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर जाति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे समाज में तनाव और आपसी वैमनस्य बढ़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने मांग की कि दोषियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन सख्त निगरानी रखे।
सुभासपा नेताओं ने कहा कि संविधान सभी को सम्मान और बराबरी का अधिकार देता है। जाति के नाम पर किसी का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







