चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने मंगलवार रात अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। गांधी प्रतिमा (गंजी दादा मूर्ति) के पास बड़ी संख्या में जुटे सपाइयों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी नाराजगी व्यक्त की।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने “भाजपा सरकार मुर्दाबाद”, “अखिलेश यादव को रिहा करो”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “छात्रों के साथ इंसाफ करो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
मौके पर मीडिया से बात करते हुए सपा नेताओं ने कहा कि पिछले दो दिनों से छात्रों और युवाओं के आंदोलनों पर दमनकारी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने लोकसभा में नीट परीक्षा पेपर लीक और कथित मंदिर चोरी सहित जनहित के कई मुद्दे उठाए थे, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
सपा नेताओं ने मांग की कि छात्रों के आंदोलन पर कार्रवाई करने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा सुनिश्चित करने तथा कथित मंदिर चोरी के मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों का पर्दाफाश करने की भी मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अखिलेश यादव को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी जिलेभर में आंदोलन को और तेज करेगी।
धरने में सपा जिलाध्यक्ष सतनारायण राजभर, संतोष यादव, मोनू जायसवाल, सत्येंद्र यादव, धीरू यादव, मुसाफिर सिंह चौहान, इरशाद सिद्दीकी, मोहम्मद आरिफ, अश्वनी सोनकर, नफीस अहमद, गुड्डू, संजय सोनकर, जितेंद्र गुप्ता, महेंद्र माही, वीरेंद्र यादव, चंदू यादव, प्रवीण सिंह सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।







