जौनपुर
जब व्यापारी जागरूक होगा, तभी बाजार सशक्त होगा और जब बाजार सशक्त होगा, तभी देश की अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से जौनपुर किराना व्यापार संघ एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज केवल बाजार का हिस्सा नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा एवं उनके व्यवसाय को सुरक्षित और सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
राज्यमंत्री ने अपने संबोधन में व्यापारियों से खाद्य सुरक्षा के मानकों का पूर्णतः पालन करने की अपील करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रत्येक व्यापारी का नैतिक दायित्व है। पारदर्शिता और गुणवत्ता ही व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने कहा कि व्यापारियों को अपनी समस्याओं को संगठित रूप से व्यापार मंडल तक पहुंचाना चाहिए, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराया जा सके। उन्होंने व्यापारियों से नियमों के अनुपालन के साथ एकजुट रहने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए लाइसेंसिंग, पंजीकरण एवं खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। शिविर के दौरान व्यापारियों ने अपनी व्यावहारिक एवं विभागीय समस्याओं को खुलकर रखा, जिनका मौके पर ही संतोषजनक निस्तारण किया गया।
नगर अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने किराना व्यापार संघ की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संगठित व्यापारी समाज ही अपनी आवाज को मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुंचा सकता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी एवं पूर्व प्रदेश पदाधिकारी आशीष गुप्ता ‘आशू’ ने संयुक्त रूप से ऐसे जागरूकता शिविरों को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे व्यापारियों और प्रशासन के बीच संवाद बढ़ता है तथा आपसी विश्वास को मजबूती मिलती है।
किराना व्यापार संघ के अध्यक्ष विजय कुमार अग्रहरि ने सभी अतिथियों एवं व्यापारियों का स्वागत करते हुए कहा कि संघ भविष्य में भी व्यापारियों के हितों के लिए इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम में संघ के महामंत्री आशीष कुमार गुप्ता, संरक्षक संजय केडिया, जिला संरक्षक राजदेव यादव, कोषाध्यक्ष गुलजारी लाल गुप्ता, प्रदेश युवा कोषाध्यक्ष संतोष अग्रहरि सहित सैकड़ों व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सुरेंद्र जायसवाल ने किया, जबकि अंत में महामंत्री आशीष गुप्ता ने सभी आगंतुकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जागरूकता, संवाद और समाधान का यह शिविर न केवल व्यापारियों के लिए उपयोगी साबित हुआ, बल्कि यह भी संदेश दे गया कि जब प्रशासन और व्यापारी एक मंच पर आते हैं, तो विकास और विश्वास दोनों की नई इबारत लिखी जाती है।







