वाराणसी
नगर निगम की सबसे अहम मानी जाने वाली कार्यकारिणी समिति के छह रिक्त पदों के लिए आज (शुक्रवार) चुनाव होगा। इस चुनाव को लेकर पार्षदों और राजनीतिक दलों में जबरदस्त हलचल है। मैदागिन स्थित टाउनहाल सभागार में दोपहर 2 बजे नगर निगम सदन की बैठक बुलाई गई है, जहां कार्यकारिणी के नए सदस्यों का चयन किया जाएगा।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2:10 बजे से 2:40 बजे तक उम्मीदवारों के नाम प्रस्तावित किए जाएंगे। इसके बाद 2:40 बजे से 2:50 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 2:50 बजे से 3:00 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है।
यदि आवश्यक हुआ तो दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू होगी और उसी के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
नगर निगम की कार्यकारिणी समिति के गठन को लेकर सभी की निगाहें इस चुनाव पर टिकी हैं। छह सीटों के लिए होने वाला यह मुकाबला नगर निगम की आगामी रणनीति और राजनीतिक समीकरणों की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।







