सकलडीहा,
विकास खंड सभागार में गुरुवार को एडीओ पंचायत बजरंगी पाण्डेय ने ग्राम पंचायतों में बने सामुदायिक शौचालयों के उपयोग को लेकर केयर टेकरों के साथ बैठक की। बैठक का उद्देश्य शौचालयों के समुचित संचालन और ग्रामीणों को सुविधा प्रदान करना था।
सकलडीहा विकास खंड की 104 ग्राम पंचायतों में 103 में सामुदायिक शौचालय बनाए गए हैं। हालांकि, ग्रामीणों की शिकायत थी कि ये शौचालय अनुपयोगी साबित हो रहे हैं। इसका मुख्य कारण टूटी पाइपलाइन, पानी की कमी, खराब दरवाजे, लंबे समय से बंद रहना और साफ-सफाई का अभाव जैसी विभिन्न कमियां थीं।
इन समस्याओं के कारण लोग खुले में शौच करने को मजबूर थे। एडीओ पंचायत बजरंगी पाण्डेय ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने 103 ग्राम पंचायतों के केयर टेकरों की बैठक बुलाई और उनकी समस्याओं को सुना। बैठक में एडीओ पंचायत ने निर्देश दिए कि सभी शौचालय निर्धारित समय पर खुलें, बेहतर साफ-सफाई रखी जाए और शौच के लिए आने वाले लोगों का रजिस्टर बनाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का लाभ सभी ग्रामीणों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना केयर टेकरों की जिम्मेदारी है। एडीओ पंचायत ने चेतावनी दी कि सामुदायिक शौचालयों में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







