चंदौली।
दुल्हीपुर क्षेत्र के सतपोखरी में बंद मकान का ताला तोड़कर 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं अन्य कीमती सामान चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सतपोखरी निवासी असदुल्ला फरीदी (65 वर्ष), सेवानिवृत्त कर्मचारी, अपने बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए लखनऊ गए हुए थे। इसी दौरान देर रात करीब 12:00 बजे से सुबह 4:00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का मुख्य ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारियों में रखे 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। मकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण चोरों ने वारदात को आसानी से अंजाम दिया।
सुबह रोज की तरह घर में काम करने वाली लक्ष्मीना (40 वर्ष) मकान की लाइट बंद करने पहुंचीं। उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। संदेह होने पर जब वह घर के अंदर गईं तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। इसके बाद उन्होंने तत्काल पड़ोसियों को सूचना दी।
पड़ोसियों ने तुरंत यूपी-112 और स्थानीय पुलिस चौकी को सूचना दी। साथ ही मकान मालिक असदुल्ला फरीदी को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह लखनऊ से तत्काल रवाना होकर मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद पुलिस ने उनकी मौजूदगी में पूरे घर का निरीक्षण किया और चोरी हुए सामान का विवरण जुटाना शुरू किया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







