वाराणसी रविवार की सुबह पुलिस लाइंस चौराहे पर अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक के बाद एक छह बुलडोज़र मौके पर पहुंचे और मकानों को तोड़ना शुरू कर दिया। देखते ही देखते इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रशासन ने यहां कुल 13 मकानों को जमींदोज कर दिया। इनमें पद्मश्री से सम्मानित दिवंगत हॉकी खिलाड़ी मोहम्मद शाहिद का मकान भी शामिल है।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि जिन 13 परिवारों के मकानों पर कार्रवाई की गई, उन्हें पहले ही मुआवजा दिया जा चुका था। बावजूद इसके, लोगों ने मकान खाली नहीं किया। नोटिस जारी करने के बाद भी कोई कदम न उठाए जाने पर प्रशासन ने रविवार की सुबह ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अमला भारी संख्या में मौके पर मौजूद रहा। किसी भी तरह की अनहोनी से निपटने के लिए इलाके को पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मच गया और सड़क किनारे सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
स्थानीय लोग जहां मकान गिराए जाने से आक्रोशित दिखे, वहीं प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत की गई है। अब सवाल यह है कि पद्मश्री खिलाड़ी मोहम्मद शाहिद जैसे महान खिलाड़ी के परिवार को प्रशासन किस तरह से राहत देगा।







