गाजीपुर। जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मिश्राबाजार में मंगलवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच सनसनीखेज गोलीकांड से इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान पर बैठकर समोसा खा रहे एक युवक को कार सवार हमलावर ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक की मौत हो गई। सरेआम हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक समोसे की दुकान पर बैठकर नाश्ता कर रहा था। इसी दौरान चार पहिया वाहन से पहुंचे शुभम चौबे ने कथित तौर पर उस पर गोली चला दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
पुराने विवाद में पहले भी दर्ज हुआ था हत्या के प्रयास का मुकदमा
घटना की सूचना मिलते ही वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली। डीआईजी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा था। वर्ष 2025 में भी दोनों पक्षों के बीच हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की थी।
शुभम चौबे के खिलाफ FIR, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित
डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर शुभम चौबे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
व्यापारियों की सुरक्षा पर भी DIG सख्त
मिश्राबाजार में हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। डीआईजी ने बताया कि इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर के व्यस्त बाजार में सरेआम गोली चलाकर युवक की हत्या करने का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में कब आएगा? फिलहाल पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।







