चकिया/चंदौली
चकिया तहसील क्षेत्र के सैदूपुर से बनभीषमपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर दो दिन पूर्व ओवरलोड ट्रक की आवाजाही के चलते पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया टूटने से करीब 20 गांवों को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग बाधित हो गया है। इसके चलते राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्ग पर पुलिया टूट जाने के कारण विशेषकर रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसी बीच संध्या के समय एक युवक अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। रास्ते में टूटी पुलिया और सड़क की स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि पति की हालत फिलहाल ठीक है, जबकि पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि करीब 20 गांवों के आवागमन का प्रमुख साधन होने के बावजूद मार्ग की मरम्मत और सुरक्षा को लेकर अब तक उचित व्यवस्था नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पुलिया की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा तब तक दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और रात्रि में प्रकाश की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी अन्य राहगीर के साथ ऐसी घटना न हो।






