मीरजापुर | सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं ‘विकसित भारत संकल्प’ थीम पर जनपद में विविध कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासन के निर्देश के क्रम में आयोजित कार्यक्रम के तहत स्थानीय सिटी क्लब मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम का एलईडी वाल के माध्यम से सजीव प्रसारण दिखाया गया। जिससे लोगों में काफी उत्साह रहा।
जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी लाल बहादुर सरोज के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक सुचिस्मिता मौर्या के अलावा भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री आकांक्षा सोनकर, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि चेयरमैन सहकारिता जगदीश सिंह पटेल, जिला प्रभारी/क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधिगण ने विकसित भारत निर्माण, राष्ट्र की मजबूती व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व अग्रणी शक्ति के रूप में मजबूत करने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के तहत सेवा ज्योति एवं मशाल जुलूस निकालकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सिटी क्लब में समापन किया गया।

कार्यक्रम के तहत विकास भवन से पटेल चौराहा भरूहना तक भव्य साइकिल एवं कलेक्ट्रेट से पटेल चौराहा भरूहना तक बाइक यात्रा रैली निकाली गई। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारी व नागरिक उपस्थित रहे। यात्रा के माध्यम से सेवा समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल, उत्तर कुमार मौर्य, दिनेश तिवारी, बालेन्दुमणि त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी भावेश शर्मा सहित भाजपा के सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







