कलेक्ट्रेट में जनगणना समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न 1 दिसंबर से शुरू होगा भारत की जनगणना-2027 का दूसरा चरण, स्व-गणना की भी होगी सुविधा

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली

भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी जनगणना की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

​बैठक में उप निदेशक जनगणना अजय कुमार ने बताया कि जनगणना एक संवैधानिक गतिविधि है, जो संविधान के अनुच्छेद 246 (संघ सूची) और जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत संचालित की जाती है। उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना-2027 का दूसरा चरण यानी ‘जनसंख्या गणना’ 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 के बीच रिवीजन (सत्यापन) का कार्य संपन्न होगा।


​
इस बार की जनगणना कई मायनों में खास होगी। मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल आंकड़ा-संग्रहण किया जाएगा। साथ ही, पहली बार आम लोगों के लिए स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान परिवार के सदस्यों और उनके विभिन्न पहलुओं से जुड़े कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे।
​
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ने बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना प्रक्रिया के दौरान नागरिकों से कोई भी दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा। नागरिक द्वारा जो भी जानकारी मौखिक या स्व-गणना के माध्यम से दी जाएगी, उसी के आधार पर प्रपत्र में विवरण दर्ज किया जाएगा।
​
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्व-गणना के लिए दिनवार रणनीति तैयार करने और आम जनता के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया से जागरूक हो सकें। बैठक में प्रगणकों व पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण, गणना ब्लॉकों के गठन, सामान्य, संस्थागत व बेघर परिवारों की गणना तथा स्व-गणना की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
​
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी, जिला स्तरीय समिति के सदस्य, समस्त उप जिलाधिकारी तथा चार्ज अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

रिपोर्ट राकेश तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई