दीयों की रोशनी में सजेगा रामायण का संसार, अयोध्या दीपोत्सव में पुष्पक विमान से फ्लोटर्स तक दिखेगा भव्य नजारा

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

अयोध्या। दीपों की रोशनी से जगमगाने वाली रामनगरी अयोध्या इस बार दीपोत्सव में रामायण के भव्य संसार के रूप में नजर आएगी। आधुनिक तकनीक और पारंपरिक संस्कृति के संगम से तैयार होने वाली आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगी। रामनगरी के प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों, रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट को रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित कलात्मक आकृतियों और इंस्टॉलेशन से सजाया जाएगा।
पर्यटन विभाग ने दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इसमें सजावटी द्वार, थीम आधारित सेल्फी प्वाइंट, आर्ट इंस्टॉलेशन, राम रथ, पुष्पक विमान और सरयू नदी में लगाए जाने वाले फ्लोटर्स प्रमुख आकर्षण होंगे।
6 से 8 नवंबर तक होंगे विभिन्न आयोजन
दीपोत्सव के तहत रामनगरी में छह से आठ नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सात नवंबर को मुख्य दीपोत्सव होगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए करीब 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे। इन्हें प्रमुख प्रवेश मार्गों, चौराहों और आयोजन स्थलों के आसपास स्थापित किया जाएगा, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यक्रम स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी।
रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर बनेंगे 20 सेल्फी प्वाइंट
रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 आकर्षक सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक इंस्टॉलेशन की थीम, डिजाइन और निर्माण शैली अलग होगी। इनमें रामनगरी और दीपोत्सव की झलक को कलात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। त्रि-आयामी कलाकृतियों के माध्यम से आयोजन स्थलों की खूबसूरती बढ़ाने के साथ आगंतुकों के अनुभव को भी खास बनाने की तैयारी है।
लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी तक भी विभिन्न आर्ट इंस्टॉलेशन तैयार किए जाएंगे, जो श्रद्धालुओं को रामायण के प्रसंगों और अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगे।
नए कलेवर में नजर आएगा रामकथा पार्क का मंच
दीपोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए रामकथा पार्क के स्थायी मंच को नए कलेवर में सजाया जाएगा। मंच पर ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन और थीम आधारित रंगीन सजावट का इस्तेमाल होगा। दोनों ओर सीढ़ियों, पुष्प सज्जा, रंगोली और पर्दों के साथ बैठने की व्यवस्था की जाएगी।
रामकथा पार्क के प्रवेश और निकास द्वारों को भी विशेष रूप से सजाया जाएगा। इनकी डिजाइन भारतीय संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों और रामायण के प्रसंगों पर आधारित होगी।
हाईवे से धर्म पथ तक बनेंगे 10 भव्य द्वार
दीपोत्सव के दौरान रामनगरी के प्रमुख प्रवेश मार्ग भी रामायण की थीम पर सजाए जाएंगे। लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से आने वाले मार्गों तथा धर्म पथ पर 10 भव्य द्वार तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक द्वार की डिजाइन और सजावट अलग होगी।
थीम आधारित सजावट और रोशनी से तैयार ये द्वार अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के साथ ही दीपोत्सव की भव्यता का एहसास कराएंगे।
पुष्पक विमान, राम दरबार और भरत मिलाप भी होंगे आकर्षण
राम की पैड़ी के पास पुष्पक विमान की थीम पर रोड साइड इंस्टॉलेशन तैयार किया जाएगा। इसके अलावा रामायण की कथा को दर्शाने के लिए राम रथ और झांकी भी बनाई जाएगी। राम की पैड़ी के निकट राम दरबार की प्रस्तुति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगी।
वहीं रामकथा पार्क के पास हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे। सरयू नदी और राम की पैड़ी पर आकर्षक फ्लोटर्स लगाए जाएंगे, जो दीपों की रोशनी के बीच पूरे क्षेत्र की सुंदरता को और निखारेंगे।
आधुनिक रचनात्मकता में दिखेगी रामनगरी की सांस्कृतिक विरासत
इस बार दीपोत्सव में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत करने की तैयारी है। प्रमुख मार्गों पर रामायण के विभिन्न कांडों और प्रसंगों को सरल भाषा में प्रदर्शित करने वाली स्थापनाएं भी तैयार की जा रही हैं।
दीपों की रोशनी, रामायण के प्रसंग, आकर्षक कलाकृतियां और आधुनिक तकनीक के मेल से इस बार अयोध्या का दीपोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आस्था, संस्कृति और भव्यता का अनूठा संगम बनने की तैयारी में है।

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई