वाराणसी। वार्ड नंबर 39 सुसुवाही के पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू अपनी कर्मठता और जनता के बीच मौजूद रहने के लिए जाने जाते हैं। इस वर्ष हुई ऐतिहासिक मूसलाधार बारिश ने जहां पूरे क्षेत्र में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा कर दी, वहीं पार्षद भी क्षेत्रीय जनता की परेशानी को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं।
जलभराव की समस्या को देखते हुए पार्षद दिन-रात क्षेत्र में भ्रमण कर जलनिकासी की व्यवस्था में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में आज की रात करीब 12 बजे पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू वृंदावन, सुसुवाही, मनोरथपुरी सहित विभिन्न इलाकों में जलनिकासी का कार्य करवाते नजर आए। खास बात यह रही कि वे केवल कर्मचारियों को निर्देश ही नहीं दे रहे थे, बल्कि स्वयं भी मौके पर मौजूद रहकर कर्मचारियों के साथ जलनिकासी के कार्य में जुटे रहे।
पार्षद सुरेश पटेल ने बताया कि सुसुवाही क्षेत्र हाल ही में नगर निगम में शामिल हुआ है, जिसके कारण यहां अभी भी कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। क्षेत्र में सड़क, नाली और जलनिकासी जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई वर्षों बाद इस बार इतनी मूसलाधार बारिश हुई, जिसके कारण नगर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई। सुसुवाही क्षेत्र में भी पर्याप्त जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी धीरे-धीरे निकल रहा है। ऐसे में तत्काल राहत के लिए लगातार जलनिकासी का कार्य कराया जा रहा है।
पार्षद ने बताया कि क्षेत्र में नाली और सड़क निर्माण के कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं। उम्मीद है कि आगामी तीन से चार महीने के भीतर इन कार्यों को पूरा करा लिया जाएगा। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद क्षेत्र में जलभराव की समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि वार्ड की जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। जनता की समस्या को अपनी समस्या मानते हुए वे लगातार मौके पर मौजूद रहकर समाधान कराने का प्रयास कर रहे हैं।रात के समय भी पार्षद की सक्रियता और मौके पर मौजूदगी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।







