बरसाना के लाडली दास आश्रम से मिला किशोर, पुलिस ने परिजनों को सौंपा
वृन्दावन- जनपद हाथरस के सादाबाद के बरामई खेड़ा गांव से करीब तीन माह से लापता 16 वर्षीय किशोर अनुज चौधरी को बरसाना पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है।
अनुज की बरामदगी से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
शुक्रवार को अनुज के पिता राजवीर सिंह ने परिजनों के साथ राधा केली कुंज आश्रम के बाहर धरना-प्रदर्शन कर पुलिस से किशोर को जल्द तलाशने की मांग की थी। परिजनों ने आश्रम में ही उसके होने की आशंका जताई थी. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को शीघ्र बरामदगी का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया था।
इसके बाद बरसाना पुलिस को सूचना मिली कि किशोर लाडली दास आश्रम में रह रहा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर अनुज को बरामद कर लिया। बताया गया कि किशोर दीक्षा लेने के बाद घर नहीं जाना चाहता था। पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बरसाना पुलिस की तत्परता से तीन माह से चल रही तलाश का सुखद अंत हुआ.वही दो अन्य परिवारों ने भी पुलिस से अपने लापता हुए बच्चों को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है |








