गोपीगंज
गोपीगंज नगर के काली महाल स्थित प्राथमिक पाठशाला परिसर में इस वर्ष मां सिंह वाहिनी श्रृंगार समिति (शिवम क्लब) की ओर से दुर्गा महापूजनोत्सव को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं। समिति की ओर से 16 से 23 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले महापूजनोत्सव में गुजरात के प्रभास पाटन स्थित प्रसिद्ध श्री सोमनाथ मंदिर का भव्य माडल आकर्षण का केंद्र रहेगा।
समिति के अनुसार पंडाल की लंबाई करीब 110 फीट, चौड़ाई 80 फीट और ऊंचाई 100 फीट होगी। करीब 75 लाख रुपये की अनुमानित लागत से तैयार हो रहे इस पंडाल को अंतिम रूप देने में नेपाल दादा, शिवकांत दादा और प्रशांत दादा के नेतृत्व में करीब 30 कारीगर जुटे हैं। पंडाल निर्माण का कार्य लगभग डेढ़ महीने से चल रहा है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्षों में यहां अयोध्या का राम मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन, कोणार्क सूर्य मंदिर, रामेश्वरम मंदिर, वैष्णो देवी गुफा, अक्षरधाम मंदिर, केदारनाथ मंदिर, पशुपतिनाथ मंदिर काठमांडू, दक्षिणेश्वर काली मंदिर, जगन्नाथ मंदिर पुरी, द्वारिकाधीश मंदिर, मीनाक्षी मंदिर, रणकपुर जैन मंदिर, खजुराहो का कंदरिया महादेव मंदिर, अबूधाबी का राम मंदिर सहित देश-विदेश के कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के मॉडल तैयार किए जा चुके हैं।
महिषासुर मर्दिनी की भव्य प्रतिमा बनेगी आकर्षण
पंडाल के साथ मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा भी तैयार की जा रही है। मूर्तिकार सूर्या सरदार अपने करीब 10 सहयोगियों के साथ शेर पर सवार महिषासुर मर्दिनी मां दुर्गा की प्रतिमा बनाने में जुटे हैं। उनके साथ कार्तिकेय, भगवान गणेश, माता लक्ष्मी और माता सरस्वती की प्रतिमाएं भी तैयार की जा रही हैं।
सोमनाथ मंदिर के इतिहास को भी दर्शाएगा पंडाल
समिति की ओर से बताया गया कि पंडाल के माध्यम से श्रद्धालुओं को सोमनाथ मंदिर के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी दी जाएगी। मान्यता के अनुसार चंद्रदेव ने भगवान शिव की आराधना कर श्राप से मुक्ति पाई थी और इसी कारण भगवान शिव के इस ज्योतिर्लिंग का नाम सोमनाथ पड़ा।
इतिहास में मंदिर पर कई बार आक्रमण हुए और प्रत्येक बार इसका पुनर्निर्माण किया गया। स्वतंत्रता के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने इसके पुनर्निर्माण का संकल्प लिया। वर्तमान मंदिर का उद्घाटन 11 मई 1951 को तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने किया था।
35 वर्षों से आयोजित हो रहा महापूजनोत्सव
मां सिंह वाहिनी श्रृंगार समिति के नेतृत्व में पिछले 35 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष उदयभान सिंह, संरक्षक प्रहलाद दास गुप्ता, बृजेश कुमार गुप्ता, मनोज सिंह, राजेश रूपानी, आशीष सिंह, वंशराज सिंह, अजीत सिंह, मुन्नू सिंह सवरा, पियूष सिंह सवरा, धीरज सिंह, संदीप तिवारी, लोहा सिंह, आनंद कुमार सिंह, मंटू सिंह, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।
प्रबंधक रामकृष्ण, राजकुमार कौशल, डबलू मौर्या, मोहित उमर, महेश साहू, प्रभात जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।








