महिलाओं को पोषण व सशक्तिकरण का संदेश, उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

सेवराई (गाजीपुर)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भदौरा ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों का भव्य समापन हुआ। इस अभियान के जरिए महिलाओं, बच्चों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया।

समापन समारोह के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की गोदभराई कराई गई, वहीं नन्हे शिशुओं का पारंपरिक रूप से अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। बच्चों में बेहतर स्वास्थ्य और खान-पान की आदतों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनीं महिला लाभार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूह (SHG) की दीदियों को खंड विकास अधिकारी (BDO) द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की नि:शुल्क जांच की गई। उपस्थित लोगों को संतुलित एवं आदर्श आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के सर्वांगीण शारीरिक व मानसिक विकास में पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ‘सक्षम आंगनवाड़ी’, ‘स्वावलंबन’ और ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक पात्र और जरूरतमंद परिवार इनका लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर मुख्य सेविका कुमारी अंजली, ऋचा कुमारी, नेहा कुमारी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सपना श्रीवास्तव, गीता देवी, रिंकी गुप्ता समेत भारी संख्या में अन्य कार्यकर्ता व क्षेत्रीय महिलाएं उपस्थित रहीं।

 

रिपोर्ट विकास सिंह

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई