राष्ट्रीय पोषण सप्ताह एवं सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को वाराणसी कैण्ट विधानसभा क्षेत्र में जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामसभा सुल्तानपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही जनचौपाल एवं जनसेवा शिविर का भी उद्घाटन किया गया।
सुल्तानपुर में आयोजित ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम की शुरुआत विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने ऋषभ और रितेश का अन्नप्राशन कराया तथा निशा और सरिता की गोदभराई कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। विधायक ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चों के लिए परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केंद्र मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण संबंधी सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं, सेवा-संकल्प अभियान के तहत आयोजित जनचौपाल एवं जनसेवा शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, विद्युत आपूर्ति विभाग, डूडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की उपस्थिति से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने, योजनाओं की जानकारी लेने और संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद करने की सुविधा मिली।

शिविर में मुद्रा योजना के चयनित लाभार्थी पीयूष मौर्य एवं विमल सिंह को विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने अपने हाथों से ₹50-₹50 हजार की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान कराना प्राथमिकता है। जन सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों को जनता के बीच लाकर योजनाओं एवं सरकारी सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाया जा रहा है।
कार्यक्रमों में पोषण, महिला एवं बाल विकास, जनसेवा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहा।
इस दौरान ग्रामप्रधान ऋतु देवी, सृजन श्रीवास्तव, मनोज मौर्य, रितेश राय, विवेक मिश्रा, रितेश पाल गौतम, देवेंद्र सिंह, कुलदीप सेठ, जितेंद्र सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, दिव्यांश केसरी, पूजा पटेल, रिंकू मौर्या, रामवृक्ष सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, लाभार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।








