मीरजापुर
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की ओर से विश्व फार्मासिस्ट दिवस चिकित्सा भंडार गृह में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन में जनपद भर के फार्मासिस्ट उपस्थित रहे। स्वास्थ्य सेवा में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान फार्मासिस्टों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। मरीजों तक सही औषधि पहुंचाने के साथ ही उनके उचित उपयोग की जानकारी देना भी उनकी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर एक स्वर में मांग उठाई गई कि समयबद्ध पदोन्नति लाभ समय पर दिया जाए। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान आवश्यक है।

कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष विजय लाल दुबे तथा डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिशन के अध्यक्ष उदयभान जायसवाल ने की। अध्यक्षों ने संगठन की एकता पर बल देते हुए कहा कि अधिकारों के लिए सामूहिक प्रयास जारी रहेगा।
मुख्य अतिथि के रूप में पधारे एसीएमओ डॉ0 सुदीप सिंह ने औषधि वितरकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा को सुदृढ़ बनाने में औषधि वितरकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के पश्चात सभी फार्मासिस्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कीर्ति कुमार मिश्र का माल्यार्पण किया और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। सीएमओ डॉ0 कीर्ति कुमार मिश्र ने औषधि वितरकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से संगठन मंत्री राम आशीष पांडेय, संप्रेक्षक सुरेंद्र चौरसिया, अशोक दुबे, सुनील त्रिपाठी, दिलीप तिवारी, विनोद पांडे, संजय गुप्ता उपस्थित रहे।







