लालगंज (मीरजापुर)। शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला कल्याण विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार सोनकर के मार्गदर्शन में विकास खंड लालगंज में खंड विकास अधिकारी रवि कुमार की अध्यक्षता में कन्या जन्म उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवजात बच्चियों के हाथों के छाप लेकर उनका जन्म उत्सव मनाया गया।
अभिभावकों को कन्या जन्म के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए शिशु उपयोगी सामग्री, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ चिह्न वाली टोपी और प्याला देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रमिला कुमारी को भी टोपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा समस्त विकास खंडों में शिविर लगाकर व्यापक स्तर पर विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया और लाभार्थियों का चिह्नांकन कर उनके आवेदन कराने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी कृषि संजय कुमार, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण पुकार सिंह, जिला मिशन समन्वयक मंजू यादव, बाल विकास एवं पुष्टाहार पर्यवेक्षक बीनू सिंह, एकल सहायता केंद्र की सामाजिक कार्यकत्री राधा खरवार, लालगंज की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ नवजात बच्चियां, उनके अभिभावक और आमजन उपस्थित रहे।







