गोरखपुर
साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के खाते से 80 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने उम्मीद छोड़ दी थी कि रकम वापस मिलेगी। लेकिन गुलरिहा थाने की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तत्परता दिखाते हुए 73,501 रुपये वापस करा दिए। खाते में रकम वापस आते ही पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
पीड़ित ने ठगी की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही गुलरिहा पुलिस की साइबर टीम सक्रिय हो गई। टीम ने संबंधित बैंकों से संपर्क कर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में होल्ड कराया। कुल 73,501.10 रुपये की धनराशि होल्ड हुई, जिसे कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पीड़ित के खाते में वापस भेज दिया गया।
पीड़ित ने रकम वापस मिलने पर गोरखपुर पुलिस का आभार जताया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। जितनी जल्दी शिकायत होगी, रकम वापस मिलने की संभावना उतनी ज्यादा होगी।
यह कार्रवाई एसपी सिटी निमिष पाटिल के निर्देशन और सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा की टीम ने की।
टीम में उपनिरीक्षक आयुष द्विवेदी, कांस्टेबल संतोष चौहान और आरक्षी अनीश प्रताप सिंह शामिल रहे।







