मीरजापुर। प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, अनिवासी भारतीय एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने अष्टभुजा निरीक्षण गृह के सभागार में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विधायकगण, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज, नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी, भाजपा जिला महामंत्री रवि पांडे, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय ही जन कल्याण का सबसे बड़ा मंत्र है। उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि केंद्र व राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनपद में व्यापक जन भागीदारी और उत्साह के साथ आयोजित किया जाए। प्रधानमंत्री ने 25 वर्षों तक निस्वार्थ सेवा की है, जो देश के लिए गौरव की बात है। यह अभियान केवल सरकारी अभियान न बनकर जन उत्सव के रूप में मनाया जाए।
17 सितंबर 2026 से प्रारंभ होकर 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान को प्रत्येक विकास खंड, ग्राम पंचायत और नगर वार्ड में उत्सव के रूप में आयोजित कर गांव-गांव में केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी जाए और युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ा जाए।
मंत्री ने संगठन के पदाधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों से आपस में बेहतर तालमेल बनाकर कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि कहीं किसी स्तर पर समस्याएं आ रही हैं तो उसे उच्च स्तर पर समय से अवगत कराया जाए ताकि त्वरित समाधान हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यालय में आने वाले जनता जनार्दन की समस्याओं को भलीभांति सुने तथा उसका संतोषपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करे। विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुसार करने का निर्देश दिया। जल जीवन मिशन के अधिकारियों को शत प्रतिशत गांवों में पेयजल आपूर्ति के निर्देश देते हुए कहा कि आपूर्ति के समय यदि कहीं लीकेज व पाइप टूटने आदि की शिकायतें प्राप्त होती हैं तो उसका तत्काल समाधान किया जाए ताकि पेयजल आपूर्ति बाधित न हो। उन्होंने कहा कि वर्षा का मौसम समाप्त हो रहा है,
अतएव लोक निर्माण विभाग व अन्य कार्यदायी संस्थाएं अपनी-अपनी सड़कों को गड्ढामुक्ति अभियान के तहत निर्धारित समय सीमा के अंदर दुरुस्त कराएं। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समय से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, यदि किन्हीं कारणों से निस्तारण नहीं हो सकता है तो कारण सहित उन्हें अवगत करा दिया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर महेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी लालगंज अजीत कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर व चुनार, तहसीलदार सदर दीक्षा पाण्डेय के अलावा भारतीय जनता पार्टी के नितिन विश्वकर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







