भदोही
नगर के मोहल्ला छेड़ीबीर में गुरुवार देर रात कजरी मुकाबला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक जाहिद बेग एवं बसपा जिलाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस दौरान ममहर भदोही की कजरी गायिका चंपा देवी, गायक कलाकार राजेश भारतीय सहित वाराणसी से आए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक कजरी गीत प्रस्तुत कर लोगों को देर रात तक बांधे रखा। कजरी गीतों पर मौजूद श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम प्रभारी रईसु खान ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य अपनी परंपरागत संस्कृति और लोक कला को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी के साथ आने वाली पीढ़ियों को भी पता होना चाहिए कि कजरी हमारी समृद्ध लोक एवं पारंपरिक संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल, राजा राम गौतम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।







