लखनऊ
उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पंचायत सहायकों के लिए दो बड़े एलान किए हैं। अब पंचायत सहायकों का मानदेय 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया जाएगा, और यह राशि सीधे उनके खाते में जाएगी।
बुधवार को मीडिया से बातचीत में राजभर ने कहा कि उन्होंने सुबह ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मुद्दे पर चर्चा की है। धरने पर बैठे पंचायत सहायकों की मांगों को जायज बताते हुए उन्होंने कहा कि अब प्रधान और सचिव पंचायत सहायकों को मनमाने तरीके से नहीं हटा सकेंगे। हटाने के लिए डीएम के नेतृत्व में गठित कमेटी की जांच अनिवार्य होगी।
संजय निषाद के बयान पर पलटवार
कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के बयान पर राजभर ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए सभी नेता अपने दांव आजमा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि निषाद जितनी सीटें हारेंगे, उतनी राजभर एनडीए को जिता देंगे।
गोंडा व्यापारी हत्याकांड पर उन्होंने कहा कि सरकार ने तत्काल कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और पीड़ित परिवार के साथ है। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार के कारनामों को जनता भूली नहीं है, 2027 के चुनाव में जवाब देगी।







