मिर्जापुर (पड़री)
पड़री विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में बिजली संकट गंभीर रूप धारण कर चुका है। बुधवार को भरपुरा फीडर की इनकमिंग में अचानक हुए तेज धमाके (ब्लास्ट) के कारण उपकेंद्र से जुड़ी पूरी विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
भीषण गर्मी और उमस के इस मौसम में दिनभर की तकनीकी खराबी के साथ रात में थोपी जा रही अघोषित रात्रि कटौती ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दिन में बिजली के अनियमित आने-जाने से परेशान उपभोक्ता जब रात में राहत की उम्मीद लगाते हैं, तो विभाग द्वारा अचानक लगाई गई कटौती उनके धैर्य की सीमा तोड़ देती है। इस संकट का सबसे ज्यादा प्रभाव बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों पर पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि अगर बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आगामी विधानसभा चुनाव में वे इस लापरवाही का जवाब देंगे और संबंधित पक्षों को सबक सिखाएंगे।
घटना की पुष्टि करते हुए अवर अभियंता संदीप प्रभाकर ने बताया कि भरपुरा फीडर की इनकमिंग में हुए ब्लास्ट के कारण सुरक्षा की दृष्टि से सभी फीडरों की आपूर्ति रोकनी पड़ी थी। उन्होंने दावा किया कि विद्युत विशेषज्ञों की टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है और जल्द ही तकनीकी खामी दूर कर बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।







