चंन्दौली इलिया
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के आह्वान पर तहसील मुख्यालय चकिया में प्रदर्शन, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद रहे तथा ओबीसी की जाति आधारित जनगणना कराए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नेतृत्व में देशभर में चलाए जा रहे आंदोलन के क्रम मे तहसील मुख्यालय चकिया पर धरना-प्रदर्शन जारी रहा। कार्यक्रम के सातवें दिन भी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और जाति आधारित जनगणना कराए जाने की मांग की।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विकास पटेल के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन के तहत जिला मुख्यालयों एवं तहसील मुख्यालयों पर लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में चकिया तहसील परिसर में भी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ओबीसी समाज की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्थिति का सही आंकलन करने के लिए जाति आधारित जनगणना आवश्यक है। उनका कहना था कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी और उनके हित में प्रभावी नीतियां बनाई जा सकेंगी।
कार्यक्रम में संतोष कुमार, बहुजन मुक्ति पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी विकास यादव त्रिकालदर्शी उर्फ प्रमोद कुमार, चंदन विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान “जय मूल निवासी” के उद्घोष से धरना स्थल गूंजता रहा। आयोजकों ने कहा कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रखा जाएगा।
दिनांक 8 सितंबर 2026 को आंदोलन का सातवां दिन रहा, जिसमें कार्यकर्ताओं ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन किया!







