वाराणसी
BLW पहाड़ी गेट के बगल में तीन दिन पहले ही बनी अच्छी RCC सड़क को दोबारा तोड़े जाने के विरोध में आज दोपहर 12 बजे क्षेत्रीय जनता के साथ धरना एवं विरोध प्रदर्शन किया गया।
क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि सड़क पूरी तरह ठीक बनी थी, इसके बावजूद उसे दोबारा तोड़कर काम शुरू कर दिया गया। बाद में जिम्मेदारों की ओर से कहा गया कि सड़क गलती से टूट गई, जबकि निर्माण कार्य किसी दूसरी जगह होना था। इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है।
धरने के दौरान जेई पूनम सिंह मौके पर पहुंचीं और क्षेत्रीय जनता से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो गलती हुई है, उसे सुधार कराया जाएगा। सीवर पाइपलाइन डालने का कार्य पूरा होने के बाद सड़क पर दोबारा RCC की ढलाई कराकर उसे ठीक कराया जाएगा।
इस दौरान मौके पर पुष्पकला झा, साधना जायसवाल, सौरभ कुमार, राकेश, अरुण और योगेंद्र सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।
क्षेत्रीय जनता ने सवाल उठाया कि यदि सड़क गलती से तोड़ी गई थी, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है और जनता के पैसे से बनी सड़क को दोबारा बनाने की जिम्मेदारी कौन लेगा?
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदारी तय की जाए और सीवर का कार्य पूरा होते ही सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए।
क्षेत्रीय जनता का कहना है कि विकास के नाम पर बनी सड़क को बार-बार तोड़ना सरकारी धन की बर्बादी है। ऐसी लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होना जरूरी है







