मीरजापुर 31 अगस्त 2026-
जिलाधिकारी ने विकास खण्ड नरायनपुर अन्तर्गत पंचायत भवन बगही का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत भवन में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में ग्राम प्रधान से जानकारी ली। ग्राम प्रधान बगही ने जिलाधिकारी को बताया कि पंचायत भवन में बच्चों की सुविधा के लिए डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई है।
यहां बच्चों के लिए दो कंप्यूटर, प्रिंटर एवं इंटरनेट की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त पंचायत भवन में स्मार्ट टीवी की भी व्यवस्था की गई है। ग्राम प्रधान ने बताया कि डिजिटल सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रतिदिन लगभग 50 से 60 छात्र पंचायत भवन पहुंचते हैं।
जिलाधिकारी ने बच्चों के लिए की गई इन सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सुविधाओं से गांव के बच्चों को आधुनिक शिक्षा एवं तकनीकी संसाधनों का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा। जिलाधिकारी ने पंचायत भवन में अध्ययनरत बच्चों एवं ग्रामीणों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहां पर अध्ययनरत बच्चों से जिलाधिकारी ने वार्ता कर पठन-पाठन के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि यहां पर अत्यधिक गर्मी के दृष्टिगत एक एसी एवं ठंडा पानी पीने हेतु वाटर कूलर लगवाने की अपील की जिस पर उन्होंने ग्राम प्रधान को वाटर कूलर एवं एसी लगवाने का निर्देश दिया। ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी को बताया कि शीघ्र ही एसी एवं वाटर कूलर की व्यवस्था भी कर ली जाएगी।
जिलाधिकारी ने पंचायत भवन की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि पंचायत भवन केवल बैठकों तक सीमित न रहकर ग्रामीणों के लिए उपयोगी एवं सुविधाजनक केंद्र के रूप में विकसित होना चाहिए। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी एवं कंप्यूटर सुविधा का अधिक से अधिक बच्चों को लाभ दिलाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं आधुनिक शिक्षा के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने पंचायत भवन में स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, तहसीलदार चुनार, ग्राम प्रधान बगही रेशू पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










Users Today : 10
Users This Year : 24784
Total Users : 37377
Views Today : 16
Total views : 73545