दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रामनगर पुलिस बूथ के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बड़हलगंज क्षेत्र के बेलवादाखिली गांव के रहने वाले थे और दवा लेने के लिए आजमगढ़ जा रहे थे। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
बेलवादाखिली निवासी 42 वर्षीय बिंदु देवी पत्नी राजकुमार शुक्रवार सुबह अपने 16 वर्षीय पुत्र सूरज यादव के साथ बाइक से आजमगढ़ के लिए निकली थीं। करीब 11 बजे दोनों रामनगर पुलिस बूथ के पास पहुंचे।
इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे बाइक समेत ट्रेलर के नीचे आ गए। चालक दोनों को कुचलते हुए ट्रेलर लेकर कुछ दूर तक चला गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। चालक ट्रेलर को कुछ दूर खड़ा कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची दोहरीघाट पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही बेलवादाखिली गांव से परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मां-बेटे की एक साथ मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों ने ट्रेलर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान बड़हलगंज क्षेत्र के बेलवादाखिली गांव निवासी मां-बेटे के रूप में हुई है। तहरीर के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







