भांवरकोल/गाजीपुर
पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर पूरा क्षेत्र भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आया। प्रातः ब्रह्ममुहूर्त से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। गंगा स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने गंगाजल, कच्चा दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, काले तिल, पुष्प एवं मिष्ठान अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया।
मंदिर परिसर दिनभर (हर-हर महादेव , बोल बम और ॐ नमः शिवाय ) के जयघोष से गूंजते रहे।
क्षेत्र के बाबा भदेश्वरनाथ शिव मंदिर (भदौरा), बाबा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर (महेशपुर द्वितीय), श्री झारखंडी महादेव मंदिर (भेलूपुर उर्फ पंडितपुरा), कुंडेश्वर महादेव मंदिर सहित शेरपुर, वीरपुर, सुखडेहरा, सोनाड़ी, रेवसरड़ा, अमरूपुर और कनुवान के शिवालयों में श्रद्धालुओं का दिनभर तांता लगा रहा।
महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना के लिए श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की।इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्रद्धा राय तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय मुन्ना ने भी वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक कर क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
संध्या होते ही अनेक मंदिरों में हरिकीर्तन, भजन-संध्या एवं श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ का शुभारंभ हुआ। वहीं विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक के लिए क्षेत्र से कांवड़ियों के जत्थे लगातार रवाना होते रहे। सावन की आध्यात्मिक छटा और शिवभक्ति का उत्साह पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा।











Users Today : 28
Users This Year : 24717
Total Users : 37310
Views Today : 106
Total views : 73437