जौनपुर
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न न्यायालयों में लंबित अभियोजन प्रकरणों, दोषसिद्धि की प्रगति तथा विभागवार लंबित मामलों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अभियोजन अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में विचाराधीन मामलों में अभियोजन पक्ष साक्ष्यों के आधार पर मजबूती से पैरवी करे, ताकि दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके।
डीएम ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और दोषसिद्धि दर बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा, पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







