वाराणसी
कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती जोन में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र कुमार ने गुरुवार को थाना राजातालाब क्षेत्र में पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब बीर सिंह भी मौजूद रहे।
कस्बा राजातालाब में पुलिस बल के साथ निकली पैदल गश्त के दौरान संवेदनशील स्थानों, बाजारों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण से जुड़े बिंदुओं की समीक्षा करते हुए पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
गश्त के दौरान दुकानदारों और व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
अपर पुलिस उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़े वाहनों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन एवं चालान अभियान चलाने के निर्देश दिए ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। साथ ही होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की नियमित जांच, सत्यापन तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी जारी किए।
उन्होंने थाना प्रभारी को नियमित पैदल गश्त, रात्रि भ्रमण और संवेदनशील स्थलों पर प्रभावी पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।
इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब बीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना राजातालाब सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।











Users Today : 50
Users This Year : 24824
Total Users : 37417
Views Today : 88
Total views : 73617