चंदौली इलिया
क्षेत्र स्थित नौसोपुर गांव में सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापना के लिए समाजसेवी रामकेश चौहान द्वारा दो बिस्वा भूमि दान किए जाने पर सम्मान एवं प्रेरणा समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक पहल को चौहान समाज ने गौरव और एकजुटता का प्रतीक बताते हुए इसका जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम में सम्राट पृथ्वीराज चौहान शब्दभेदी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं युवाओं के लोकप्रिय नेता पवन चौहान ने कहा कि जिस प्रकार आकाश में सूर्य अपनी रोशनी से पूरे संसार को प्रकाशित करता है, उसी प्रकार रामकेश चौहान ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि दान कर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि यह योगदान आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों से जुड़ने की प्रेरणा देगा।
अपने संबोधन में पवन चौहान ने युवाओं को जीवन का महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि जुआ खिलाने वाले, शराब पिलाने वाले और गलत रास्ते पर ले जाने वाले मित्र तो आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन सच्चा मित्र वही होता है जो आपको बुराइयों से दूर रखे, माता-पिता का सम्मान करना सिखाए और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दे। ऐसे मित्र का साथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
इस अवसर पर शमशेर चौहान (पहलवान) ने भी युवाओं को अनुशासन, परिश्रम, शिक्षा और समाज सेवा के मार्ग पर चलने का प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत उसके जागरूक और संस्कारी युवा होते हैं।
कार्यक्रम में प्रद्युम चौहान, रोहित चौहान (फिटनेस), कैलाश चौहान, सुनील चौहान (पड़रिया) सहित अनेक समाजसेवियों ने सक्रिय सहयोग किया। समारोह में चंदौली के अलावा जौनपुर, वाराणसी और मुगलसराय सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में चौहान समाज के लोग उपस्थित रहे।
समारोह का माहौल सामाजिक एकता, गौरव और उत्साह से सराबोर रहा। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाते हुए समाज में शिक्षा, संस्कार, संगठन और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत किया जाएगा।










Users Today : 34
Users This Year : 24873
Total Users : 37466
Views Today : 70
Total views : 73702