मीरजापुर
मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय मीरजापुर के त्वचा एवं यौन रोग विभाग ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विभाग ने बालों की वृद्धि के लिए पहली बार स्कैल्प पर प्लेटलेट रिच प्लाज्मा पीआरपी थेरेपी सफलतापूर्वक संपन्न की है। इस सुविधा के शुरू होने से मीरजापुर और आसपास के जनपदों के मरीजों को उन्नत हेयर रेस्टोरेशन उपचार स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा।
यह प्रक्रिया विभागाध्यक्ष डॉ प्रणव सत्यराज के नेतृत्व में संपन्न की गई। डॉ प्रणव सत्यराज ने बताया कि पीआरपी थेरेपी एक आधुनिक और न्यूनतम हस्तक्षेप वाली प्रक्रिया है। इसमें रोगी के रक्त से प्लेटलेट्स युक्त प्लाज्मा तैयार कर उसे सिर की त्वचा में इंजेक्ट किया जाता है। प्लेटलेट्स में मौजूद ग्रोथ फैक्टर्स हेयर फॉलिकल्स को सक्रिय करने, बालों का झड़ना कम करने और नए बालों की वृद्धि को प्रोत्साहित करने में सहायक होते हैं।
उन्होंने बताया कि यह उपचार चयनित मरीजों में चिकित्सकीय परीक्षण और परामर्श के बाद किया जाता है। बेहतर परिणाम के लिए कई बार एक से अधिक सत्रों की जरूरत हो सकती है।
सीएमएस डॉ सचिन किशोर ने बताया कि इस सुविधा के प्रारंभ होने से अब मीरजापुर और आसपास के जिलों के मरीजों को इस उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉक्टर संजीव कुमार सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि आधुनिक, वैज्ञानिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में भी त्वचा और बालों से संबंधित आधुनिक उपचार पद्धतियों को संस्थान में उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।











Users Today : 50
Users This Year : 24824
Total Users : 37417
Views Today : 88
Total views : 73617