पटना/भभुआ
बिहार के युवाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हौसले बुलंद हों तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकते। कैमूर जिले के कुदरा थाना अंतर्गत चिलबिली गांव के रहने वाले एक साधारण किसान परिवार के बेटे कैप्टन कर्ण कुमार भारती ने पायलट बनकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
कर्ण ने बिहार सरकार के फ्लाइंग क्लब से अपना वाणिज्यिक विमानन (कमर्शियल फ्लाइंग) प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर यह गौरव हासिल किया है।
CM ने पटना में किया सम्मानित
कैप्टन कर्ण कुमार भारती की इस प्रेरणादायक उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री ने पटना में एक विशेष समारोह के दौरान उन्हें सम्मानित किया। यह क्षण पूरे कैमूर जिले और बिहार राज्य के लिए बेहद गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “सपने बड़े हों और उन्हें पूरा करने का दृढ़ संकल्प हो, तो परिस्थितियाँ कभी आड़े नहीं आतीं। कर्ण की सफलता हर उस ग्रामीण युवा के लिए मिसाल है जो आसमान छूना चाहता है।”
पूरा परिवार प्रतिभा की मिसाल
कर्ण कुमार भारती के पिता उपेन्द्र पासवान मूल रूप से किसान हैं और वर्तमान में पटना सचिवालय में हवलदार के पद पर तैनात हैं। तंगहाली के बावजूद उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा में कोई कमी नहीं छोड़ी।
कर्ण का पूरा परिवार ही प्रतिभा और मेहनत की मिसाल है। उनके बड़े भाई इंडिगो एयरलाइंस में कार्यरत हैं, वहीं छोटे भाई पटना हाई कोर्ट में अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कैप्टन कर्ण की यह सफलता केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि चिलबिली गांव और कुदरा क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का नया स्रोत बन गई है। सीमित संसाधनों के बीच से निकलकर आसमान की ऊंचाइयों को छूने वाली उनकी कहानी साबित करती है कि मेहनत और लगन से देश का नाम रोशन किया जा सकता है।
कैप्टन कर्ण कुमार भारती को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए देशभर से बधाइयां मिल रही है।







