वाराणसी
सिगरा थाना की एंटी रोमियो टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के सामने महिलाओं से अश्लील इशारे व अभद्र हरकत कर परेशान करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवक महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहे हैं। सादे कपड़ों में पहुंची एंटी रोमियो टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अवनीश पाण्डेय (वाराणसी) और संदीप कुमार यादव (मिर्जापुर) को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं मौके पर मिले 8 अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर कड़ी चेतावनी और माफीनामा लेने के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







