डीडीयू नगर।
महिलाओं एवं बालिकाओं में मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यकता के समय सेनेटरी नैपकिन की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल द्वारा दिनांक 13 जुलाई, 2026 को दो स्थानों पर सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों का लोकार्पण, छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण तथा ईस्ट सेंट्रल रेलवे इंटर कॉलेज, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, पं. दीन दयाल उपाध्याय की अध्यक्षा चित्रा सिंह द्वारा किया गया।प्रथम सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन का लोकार्पण ईस्ट सेंट्रल रेलवे इंटर कॉलेज, पं. दीन दयाल उपाध्याय में किया गया, जिससे विद्यालय की छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों को आवश्यकता पड़ने पर स्वच्छ एवं सुरक्षित सेनेटरी नैपकिन सहज रूप से उपलब्ध हो सकेंगे। इस अवसर पर विद्यालय की कक्षा 8 से 12 तक की 160 छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का भी वितरण किया गया।
लोकार्पण के उपरांत आयोजित जागरूकता संगोष्ठी में विद्यालय की कक्षा 8 से 12 तक की छात्राओं एवं समस्त महिला शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संगोष्ठी में मंडल रेल अस्पताल, डी.डी.यू. में कार्यरत डॉ. स्वाति ने मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, संक्रमण से बचाव तथा मासिक धर्म से जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों के संबंध में विस्तृत एवं वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की।
उन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान उचित स्वच्छता अपनाने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की अनदेखी न करने तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत द्वितीय सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन का लोकार्पण पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफॉर्म सं. 2 स्थित महिला उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय में किया गया, जिससे महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान यह सुविधा सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगी।
रेलवे इंटर कॉलेज में अपने संबोधन में चित्रा सिंह ने कहा कि ष्मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता महिलाओं के स्वास्थ्य, गरिमा एवं आत्मसम्मान से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों की स्थापना एवं जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन छात्राओं, महिला कर्मचारियों एवं महिला यात्रियों के स्वास्थ्य, सुविधा एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर संगठन की उपाध्यक्षा दीपिका, सचिव शालिनी भूषण, कोषाध्यक्ष प्रियांशु यादव तथा मीता नारी, सोमा चटर्जी, कंचन पाण्डेय, आरती एवं दुर्गेश्वरी सहित संगठन की अन्य सदस्याएँ उपस्थित रहीं।







