चन्दौली धीना बरहन गांव में सोमवार का दिन दो दर्दनाक हादसों का गवाह बना। अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीणों की मौत से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। होली से पूर्व हुई इन दिल दहला देने वाली घटनाओं से ग्रामीणों के चेहरे पर शोक साफ झलक रहा है।
पहली घटना सोमवार दोपहर लगभग एक बजे की है। गांव निवासी लखेन्द्र मौर्य (35) पुत्र राम अवध मौर्य अपने खेत में पानी भर रहे थे। इसी दौरान पास के ट्रांसफार्मर में लगा हाईटेंशन तार अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। करंट की चपेट में आने से लखेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई।

लखेन्द्र की शादी वर्ष 2021 में सोनम से हुई थी। परिवार में चार वर्षीय बेटी शिवानी तथा जुड़वा दो वर्षीय बेटियां श्रेया और श्रुति हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों मासूम बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे पूरे गांव का माहौल गमगीन है।
दूसरी ओर सोमवार को ही लगभग बारह बजे गांव के 18 वर्षीय अनुज कुमार बिंद पुत्र राम प्रवेश बिंद की कुएं में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार अनुज काफी देर से कुएं के पास बैठा हुआ था। जब वह घर जाने के लिए खड़ा हुआ, तभी उनका पैर फिसल गया और वह सीधे कुएं में जा गिरा । कुछ लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुएं में पानी अधिक होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर धीना थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। धीना थाना प्रभारी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 0
Users This Year : 24728
Total Users : 37321
Views Today :
Total views : 73459