वाराणसी/मिर्जापुर भारतीय शास्त्रीय संगीत की दुनिया का बड़ा नाम और पद्मविभूषण से सम्मानित पं. छन्नूलाल मिश्र (89) शनिवार को अचानक दिल का दौरा पड़ने से गंभीर हो गए। उन्हें पहले मिर्जापुर के ओझला स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां दो दिन से उनका इलाज चल रहा था। शनिवार शाम को हालत बिगड़ने के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए आईएमएस बीएचयू रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पं. छन्नूलाल मिश्र लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शरीर में रक्त की कमी और पीठ में बेड सोर की वजह से वह अस्पताल में भर्ती थे। शुक्रवार को उनकी हालत में कुछ सुधार जरूर हुआ था, लेकिन शनिवार शाम अचानक हार्ट अटैक आने से परिजनों की चिंता बढ़ गई। डॉक्टरों ने तत्काल जांच कर उन्हें दो यूनिट रक्त भी चढ़ाया।
उनकी पुत्री और केबी कॉलेज की प्रोफेसर नम्रता मिश्र ने बताया कि “बाबूजी को अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, डॉक्टरों ने बचाने की पूरी कोशिश की और अब उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया गया है।”रात करीब 9 बजे परिवारजन एंबुलेंस से उन्हें बीएचयू लेकर रवाना हुए। इस बीच नगर विधायक रत्नाकर मिश्र भी अस्पताल पहुंचे और पं. मिश्र का हालचाल जाना।
पं. मिश्र के बीएचयू पहुंचने की सूचना मिलते ही आईएमएस निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार ने हृदय रोग, चेस्ट रोग और आईसीयू की टीम को तुरंत अलर्ट कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने उन्हें तुरंत आईसीयू और एसीयू में शिफ्ट करने की तैयारी कर ली है।देशभर से संगीत प्रेमी और उनके प्रशंसक शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।










Users Today : 18
Users This Year : 24857
Total Users : 37450
Views Today : 26
Total views : 73658