चन्दौली शहाबगंज
किसान हितों की आवाज को मजबूती देने वाले भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक एवं किसान नेता बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जयंती मंगलवार को शहाबगंज में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान किसानों ने उनके जीवन, संघर्ष और किसान हितों के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया
शहाबगंज पशु चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में किसानों ने बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के जीवन पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए उन्हें अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने का रास्ता दिखाया। आज भी किसानों की एकजुटता और संघर्ष की भावना उनके विचारों से प्रेरणा लेती है।
कार्यक्रम के दौरान चंदौली जनपद में किसानों की प्रमुख समस्याओं पर भी चर्चा हुई। किसानों ने कहा कि खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा और किसानों की आवाज को जिम्मेदारी के साथ प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा।
मरीजों में बांटे दूध और फल
जयंती के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सतीश सिंह चौहान के नेतृत्व में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज में मरीजों को दूध और फल वितरित किए गए। किसानों द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की लोगों ने सराहना की। किसान नेताओं ने कहा कि संगठन केवल किसानों की समस्याओं को उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा और सामाजिक सरोकारों में भी अपनी भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर जिला मंत्री कृपा शंकर सिंह पटेल, तहसील उपाध्यक्ष प्रमोद चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष लल्लन पाल, संजय विश्वकर्मा, ग्राम अध्यक्ष राजेश चौहान, राजकुमार चौहान, कृष्णानंद, रामनरेश, शंभू चौहान, विजय चौहान, बिहारी चौहान, विनोद चौहान, साधु यादव, जूठन सिंह, पारस चौहान और अनिल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम में किसानों ने बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के विचारों को आगे बढ़ाने और किसानों के अधिकार, सम्मान एवं समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।







