वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने रविवार को वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरएस) अंकित श्रीवास्तव के साथ इलेक्ट्रिक लोको शेड, सैदपुर भीतरी का निरीक्षण कर अनुरक्षण और तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने इलेक्ट्रिक इंजनों के इलेक्ट्रिकल व मैकेनिकल उपकरणों, ब्रेक सिस्टम, बैटरी, ट्रैक्शन मोटर सहित अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की स्थिति परखी।
डीआरएम ने सुरक्षा मानकों के पूर्ण अनुपालन, मशीनरी की नियमित जांच, तकनीकी कमियों को समयबद्ध ढंग से दूर करने तथा कार्यस्थल पर स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। कार्यालयों में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए डीआरएम आशीष जैन ने सुरक्षित और बेहतर रेल संचालन के लिए तकनीकी दक्षता व अनुशासन को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।







