सेवराई ( गाज़ीपुर ) तहसील क्षेत्र के ग्राम उसिया में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाया। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर कुछ समय के लिए गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
सेवराई के नायब तहसीलदार पंकज कुमार ने बताया कि तहसील दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्र के माध्यम से प्रार्थी जमील खान पुत्र जलील खान द्वारा ग्राम उसिया स्थित गाटा संख्या 4133ग, रकबा 0.5160 हेक्टेयर भूमि पर अवैध अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की गई थी। शिकायत की जांच में मामला सही पाए जाने के बाद संबंधित भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव द्वारा आवश्यक निर्देश दिए गए थे।
निर्देश के क्रम में शनिवार को राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी के माध्यम से सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाकर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
नायब तहसीलदार पंकज कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक राकेश राय, मुख्तार यादव, लेखपाल जीतलाल चौधरी, दानिश सईद, सिद्ध नारायण उपाध्याय, उपेंद्र कुमार राम, अखिलानंद त्रिपाठी, सुधांशु प्रकाश सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई की गई है। ग्राम उसिया में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी के माध्यम से हटाया गया है। मामले में नियमानुसार अन्य आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है।







