लखनऊ,
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव निशातगंज स्थित मेट्रो सिटी अपार्टमेंट स्थित उनके आवास पर पहुंचे।
अखिलेश यादव ने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर समाजवादी पार्टी का झंडा रखा और पुष्प अर्पित कर चरणों में नमन कर अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अखिलेश यादव काफी भावुक नजर आए।
अखिलेश बोले- एक पीढ़ी के नेता थे रामगोविंद चौधरी
श्रद्धांजलि के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि रामगोविंद चौधरी समाजवादी आंदोलन के एक पूरी पीढ़ी के नेता थे। जब समाजवाद की पहचान बनानी थी, उस शुरुआती दौर के नेताओं में वे शामिल थे। उनके निधन से समाजवादी आंदोलन और समाजवादी पार्टी दोनों को अपूरणीय क्षति हुई है। इस दुख की घड़ी में पूरा समाजवादी परिवार उनके परिवार के साथ खड़ा है।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी दी श्रद्धांजलि
रामगोविंद चौधरी के आवास पर सुबह से ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। आवास पर शोक का माहौल है और समर्थक नम आंखों से अपने नेता को याद कर रहे हैं।







