वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर अपराध समीक्षा गोष्ठी में सामने आया कि बीते एक वर्ष में पुलिस ने 58 साइबर गैंग का पर्दाफाश कर 277 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान 15 अवैध कॉल सेंटर पकड़े गए, जबकि 16,982 एनसीआरपी शिकायतों का निस्तारण किया गया। साइबर ठगी से जुड़े मामलों में 25 करोड़ रुपये होल्ड कराए गए और पीड़ितों को करीब साढ़े चार करोड़ रुपये वापस लौटाए गए।
डिजिटल अरेस्ट के मामलों में 36 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, वहीं 21 बदमाशों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

म्यूल अकाउंट और फर्जी सिम नेटवर्क पर सख्त निर्देश
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और पुलिसिंग को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने म्यूल अकाउंट, फर्जी सिम और एटीएम ठगी करने वाले अपराधियों के पूरे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस उपायुक्त अपराध नीतू कादयान, पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध नृपेन्द्र कुमार समेत सभी जोन के साइबर प्रभारी और नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
वाराणसी पुलिस का संदेश साफ है—साइबर ठगी के नेटवर्क पर कार्रवाई और पीड़ितों को राहत देने की दिशा में अभियान जारी रहेगा।







