लखनऊ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास, 5 कालिदास मार्ग पर आयोजित‘जनता दर्शन’कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी के पास जाकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के लिए प्रेषित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनकल्याण, सुरक्षा और समृद्धि है। किसी भी पीड़ित को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

जनता दर्शन में जमीन-जायदाद, पुलिस, राजस्व, इलाज में मदद, रोजगार समेत कई मुद्दों से जुड़े मामले आए। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों में त्वरित और न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर नागरिक के सम्मान और अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सरकार का लक्ष्य है।







