वाराणसी।
हेमंत दास एंड ब्रदर्स दुकान पर वेतन विवाद को लेकर हुए मारपीट प्रकरण में घायल मोहित को बीएचयू ट्रामा सेंटर से डिस्चार्ज कर दिया गया। अस्पताल से बाहर आने के बाद मोहित अपने परिजनों व समर्थकों के साथ हेमंत दास एंड ब्रदर्स दुकान के सामने सड़क पर पहुंच गया और वहीं लेटकर अपनी नाराजगी जताई।
मोहित के समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई से असंतोष जताते हुए “हेमंत दास मुर्दाबाद” के नारे लगाए। सड़क पर ही घायल को लिटाकर प्रदर्शन किए जाने से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्परता से मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की। पुलिस की मौजूदगी में मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच समाधान को लेकर बातचीत जारी है। पुलिस द्वारा मामले में की गई कार्रवाई और जांच की स्थिति से भी उन्हें अवगत कराया जा रहा है। मौके पर पुलिस मौजूद है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।







