लखनऊ
राजधानी के 1090 चौराहे के पास रेगलिया ग्रीन में शुक्रवार से तीन दिवसीय इंडिया फूड एक्सपो-2026 की शुरुआत हो गई। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्सपो का उद्घाटन किया।
यह इंडिया फूड एक्सपो का 11वां संस्करण है। तीन दिन तक चलने वाले इस एक्सपो में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों के साथ देश के कई राज्यों के खाद्य उत्पाद, फूड प्रोसेसिंग की नई तकनीक और नए उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ पर फोकस
इस बार एक्सपो में यूपी के करीब 55 जिलों की भागीदारी है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ के तहत जिलों के स्थानीय व्यंजन और वहां तैयार होने वाले खाद्य उत्पादों को एक मंच पर लाया गया है। इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और राजस्थान समेत कई राज्यों से भी स्टॉल लगाए गए हैं। इससे लोगों को एक ही जगह पर अलग-अलग राज्यों और जिलों के पारंपरिक स्वाद देखने और चखने का मौका मिल रहा है।
फूड प्रोसेसिंग से पैकेजिंग तक पर चर्चा
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि बदलती जीवनशैली के साथ खाने की आदतें भी बदली हैं। अब घर में सीधे खाना बनाने के बजाय रेडी-टू-कुक और रेडी-टू-ईट उत्पादों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। ऐसे में फूड प्रोसेसिंग उद्योग की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।
उन्होंने कहा कि अब उद्योगों के लिए केवल उत्पादन ही काफी नहीं है। फूड सेफ्टी, क्वालिटी, नई तकनीक और बेहतर पैकेजिंग पर भी ध्यान देना जरूरी है। उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद देने के लिए लगातार तकनीक में सुधार करना होगा।
गुणवत्ता और निर्यात बढ़ाना मुख्य लक्ष्य
गोयल ने बताया कि एक्सपो का उद्देश्य फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र का समग्र विकास करना है। नई तकनीक को बढ़ावा देना, उत्पादों की गुणवत्ता सुधारना, ब्रांडिंग मजबूत करना और भारतीय खाद्य उत्पादों के निर्यात की संभावना बढ़ाना भी आयोजन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
एक्सपो में सरकारी विभागों, संस्थानों, किसानों और उद्योग जगत को एक साथ लाने की कोशिश की गई है। आयोजन में यूपी का हॉर्टिकल्चर विभाग, इन्वेस्ट यूपी, CFTRI, APEDA, NIFTEM, FPO, NABARD और SBI समेत कई संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।
किसानों और कारोबारियों को मिलेगा मंच
इससे फूड प्रोसेसिंग से जुड़े उद्यमियों और किसानों को तकनीक, वित्तीय सहायता, बाजार और निर्यात से जुड़ी जानकारी मिलेगी। FPO के जरिए स्थानीय स्तर पर उत्पादन करने वाले किसानों और समूहों को भी अपने उत्पाद दिखाने का अवसर मिला है।
फ्रेंचाइज इंडिया के साथ सेमिनार
एक्सपो में फ्रेंचाइज इंडिया के साथ मिलकर विशेष सेमिनार भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें खाद्य कारोबार को बड़े स्तर पर ले जाने और एक से अधिक बिक्री केंद्र विकसित करने पर चर्चा होगी। कारोबार विस्तार के लिए मल्टीपल सेल्स पॉइंट और SOPs जैसे विषय भी सेमिनार में शामिल हैं।







