दिनांक 15.09.2026 को नृपेन्द्र, अपर पुलिस उपायुक्त, गोमती ज़ोन द्वारा बाबतपुर कार्यालय पर गोमती ज़ोन के समस्त थाना/सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालयों में नियुक्त आईजीआरएस मुंशियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त पिण्डरा सहित गोमती ज़ोन के समस्त आईजीआरएस मुंशी उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में प्राप्त आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई। आईजीआरएस प्रार्थना-पत्रों का भौतिक सत्यापन करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही, शिकायतकर्ताओं से प्राप्त संतुष्ट एवं असंतुष्ट प्रतिक्रियाओं की समीक्षा की गई तथा असंतुष्ट प्रतिक्रिया प्राप्त शिकायतों का पुनः परीक्षण कर प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस उपायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा में नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतकर्ता को नियमानुसार की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
साथ ही, असंतुष्ट प्रतिक्रिया के कारणों का विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसे फीडबैक की पुनरावृत्ति रोकने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों को आईजीआरएस शिकायतों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी निगरानी करते हुए निस्तारण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।








