चंदौली
किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोगरोधी फलदार पौध उपलब्ध कराने की दिशा में कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली ने महत्वपूर्ण पहल की है। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी के नेतृत्व में उद्यान वैज्ञानिक श्री मनीष कुमार सिंह द्वारा नींबू, अमरूद और मौसमी के मदर प्लांट पर कुल 2300 गूटी बांधने का कार्य किया गया।
इसमें नींबू के पौधों पर 1000 गूटी, अमरूद पर 1000 गूटी तथा मौसमी के पौधों पर 300 गूटी तैयार की गई हैं। गूटी विधि से तैयार होने वाले पौधों में मदर प्लांट के गुणों को बनाए रखने में मदद मिलती है। तैयार पौधों को उचित देखभाल एवं जड़ विकसित होने के बाद किसानों को वितरण किया जाएगा।

कृषि विज्ञान केंद्र का उद्देश्य किसानों को स्वस्थ, गुणवत्तापूर्ण एवं उन्नत रोपण सामग्री उपलब्ध कराकर फल उत्पादन को बढ़ावा देना है। इससे किसानों को बेहतर पौध सामग्री मिलने के साथ फलदार बागवानी के विस्तार में भी मदद मिलेगी।







