भदोही, 10 सितंबर 2026:–
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला को सभी कार्यक्रमों का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सेवा दिवस—आशीर्वाद का दीया
17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती पर टूल किट वितरण तथा प्रमुख विकास परियोजनाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित होंगे। नागरिकों को भी अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर दीप जलाकर विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मेरे सपनों का भारत—चित्र सेवा
17 सितंबर से 07 अक्टूबर तक विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में ड्राइंग, भाषण एवं डिबेट प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उत्कृष्ट प्रतिभागियों की विद्यालय, विकासखंड एवं जिला स्तर पर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी तथा 07 अक्टूबर को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रविष्टियों को सम्मानित किया जाएगा।
आंगन मिलन सेवा अभियान
25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम होंगे। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा दीदी एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा। माताओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, बच्चों को कॉमिक बुक्स, खिलौने, फल-मिठाई एवं अतिरिक्त पोषाहार सामग्री का वितरण भी होगा।
सेवा की कहानी—डिजिटल एवं रील अभियान
सरकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की वास्तविक कहानियों को 60 सेकंड की रील्स के माध्यम से सामने लाया जाएगा। जनप्रतिनिधि, पद्म अवार्डी, खिलाड़ी, सेलिब्रिटी, युवा इंफ्लुएंसर एवं लाभार्थी इसमें सहभागिता करेंगे। उत्कृष्ट रील्स का सोशल मीडिया सहित विभिन्न प्लेटफॉर्म पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प
07 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा आयोजित होगी। प्रत्येक जनपद के प्रमुख चौराहे पर सेवा कलश स्थापित किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों से पैदल, साइकिल एवं बाइक रैलियां पहुंचेंगी। एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री जी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया जाएगा तथा स्वच्छता एवं भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था रहेगी। इस अवसर पर विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
वडनगर से वाराणसी यात्रा
17 सितंबर से 07 अक्टूबर तक आयोजित इस यात्रा के माध्यम से पवित्र जल के आदान-प्रदान से प्रधानमंत्री जी की जन्मभूमि एवं कर्मभूमि को जोड़ा जाएगा। विभिन्न टोलियां अलग-अलग मार्गों से यात्रा करेंगी। मार्गवर्ती जनपदों में चौपाल, जनसंवाद, विकास यात्रा की फिल्म एवं योजनाओं का प्रचार एलईडी वाहनों के माध्यम से किया जाएगा।
सेवा मेरा योगदान
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नागरिकों को 25 सेवा कार्यों में से किसी एक से जुड़कर समाजसेवा में योगदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, महिला स्वास्थ्य, शिक्षा सहयोग, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं गौसेवा सहित विभिन्न गतिविधियां होंगी। प्रत्येक विधानसभा में कम से कम दो स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा। नागरिक 25 मिनट श्रमदान कर My Bharat Portal पर प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकेंगे।
सेवा सेतु अभियान
विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर 5 से 7 दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित होंगे। नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन एवं स्वीकृति की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य मेले, दिव्यांग कल्याण शिविर एवं मतदाता पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सेवा के रंग, राष्ट्र के संग—मानव समूह रंगोली
जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों एवं विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को दर्शाती भव्य रंगोली तैयार की जाएगी। प्रदेश के प्रमुख स्थल पर 108 मीटर व्यास की मानव समूह रंगोली तथा प्रत्येक जनपद एवं विकासखंड में प्राकृतिक सामग्री से रंगोली बनाई जाएगी। इसमें कलाकारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं विद्यार्थियों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज
युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, प्रोफेशनल एवं इनोवेटर्स को नए समाधान विकसित करने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। प्रदेश के युवाओं की राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक संस्थानों में ओरिएंटेशन कार्यक्रम होंगे।
ऑनलाइन आवेदन, प्रदर्शनी, लाइव डेमो, विशेषज्ञ सत्र एवं पुरस्कार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सुशासन सेवा संवाद
17 अक्टूबर को सुशासन एवं सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ग्राम प्रधान, सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का राष्ट्रीय समागम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री जी के सेवा कार्यकाल पर अभिनंदन प्रस्ताव, विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प एवं वंदे मातरम् का गायन होगा। जनप्रतिनिधियों के अनुभव साझा किए जाएंगे तथा प्रधानमंत्री जी के संबोधन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
नियमित समीक्षा एवं प्रभावी समन्वय के निर्देश
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, लाभार्थियों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला को नोडल अधिकारी के रूप में सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना, स्थल चयन, रूट प्लान, टीम गठन, लाभार्थियों की सहभागिता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने वाला प्रभावी जनअभियान बनाया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह, एवं संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।







