पुश्तैनी जमीन पर कब्जे का आरोप, विधवा महिला ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी।

एक तरफ प्रदेश सरकार लगातार भू-माफियाओं और जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई का दावा कर रही है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक विधवा महिला ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर दबंगई के बल पर कब्जा करने की कोशिश और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। मामला मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर का बताया जा रहा है।

पीड़िता चन्द्रावती देवी पत्नी स्वर्गीय छविनाथ पटेल का आरोप है कि उनके ससुर बुधीराम पटेल की पुश्तैनी जमीन के पारिवारिक बंटवारे में उन्हें आराजी नंबर 210 में करीब 1040 वर्गफीट जमीन मिली थी। महिला के मुताबिक जमीन पर बाउंड्रीवाल और गेट भी लगाया गया था। वर्ष 2023 में उनके पति छविनाथ पटेल की मौत के बाद वह अपने तीन बेटियों और पांच वर्षीय पुत्र के साथ रह रही हैं।

चन्द्रावती देवी का आरोप है कि उनके भतीजे अनिल पटेल, उसकी पत्नी सोना खान, अनीता पटेल तथा सोनू समेत कुछ अन्य लोगों द्वारा जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि कई बार बाउंड्रीवाल गिराने, गेट का ताला तोड़ने, मारपीट करने और धमकी देने की घटनाएं हुई हैं।

शिकायत में महिला ने चार सितंबर 2026 की घटना का भी जिक्र किया है। उनका आरोप है कि विपक्षी एकजुट होकर बाउंड्रीवाल गिराने और ताला तोड़ने पहुंचे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। महिला ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी बेटियों के साथ भी अभद्रता की गई। शोर सुनकर पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद आरोपी मौके से चले गए।

पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद पांच सितंबर को उन्होंने मंडुवाडीह थाने में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन उनका मेडिकल नहीं कराया गया और न ही अब तक अपेक्षित कानूनी कार्रवाई हुई। महिला का यह भी आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल और वाराणसी कमिश्नरेट में शिकायत करने के साथ रिमाइंडर भी दिया, लेकिन उन्हें अभी तक न्याय नहीं मिल पाया है।

पीड़िता ने प्रशासन से स्पष्ट जांच की मांग करते हुए कहा है कि यदि दस्तावेजों में जमीन पर उनका अधिकार नहीं है तो जमीन दूसरे पक्ष को दे दी जाए, लेकिन यदि कागजात उनके पक्ष में हैं तो जमीन पर कब्जे का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाए।

महिला ने अपने और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। अब देखना यह होगा कि इस पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।

 

रिपोर्ट धनेश्वर साहनी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत थाना जंसा पुलिस द्वारा परिवार परामर्श केंद्र से लाभान्वित परिवारों को सम्मानित करने एवं छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के संबंध में।